गोरखपुर: 16 अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक महिला ने आरोप लगाया है कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में हनीमून के दौरान माहवारी आने पर उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, सास और ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पति और दिल्ली निवासी निखिल मिश्रा ने माहवारी आने की बात पर नाराज होकर उसे थप्पड़ मारे, लात और घूंसे से पीटा तथा गला दबाने की कोशिश की। महिला के मुताबिक, होटल कर्मचारियों के हस्तक्षेप से उसकी जान बची। बाद में शादी के महज 45वें दिन उसे ससुराल से निकाल दिया गया। महिला की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश के बाद शनिवार रात नौ बजे रामगढ़ताल थाने में दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र निवासी पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।महिला ने पुलिस को बताया कि 30 मई 2023 को दिल्ली के पटपड़गंज स्थित मैरिज लॉन में निखिल से शादी हुई थी। इससे पहले 30 अप्रैल को गोरखपुर में गोदभराई हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष की मांग पर पिता ने 20 लाख रुपये नकद, हुंडई वेन्यू कार समेत 40 लाख रुपये से अधिक का सामान दिया था।
