उप्र: ऑक्सीजन सिलेंडर से लदा पिकअप वाहन डिवाइडर से टकराया, चालक समेत दो लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 16 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे तेज रफ्तार एक पिकअप वाहन के टोल डिवाइडर से टकराने की दुर्घटना में चालक और उसके सहायक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे शेखपुरा टोल प्लाजा के पास हुआ।

पुलिस ने बताया कि ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।

पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व उसका सहायक केबिन में फंस गए।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जौनपुर जिले के निवासी इंद्रदेव पटेल (43) और प्रयागराज जिले के निवासी रमेश (46) के रूप में हुई है।

पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और मोहनलालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।