उप्र: में मुठभेड़ में इनामी अपराधी ढेर, एक साथी फरार

उत्तर प्रदेश एटा
Spread the love

एटा: 27 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मंगलवार शाम पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक इनामी अपराधी ढेर हो गया जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है और उसका इलाज फिलहाल एटा स्थित वीरांगना अवंती बाई लोधी स्वायत्त राज्य चिकित्सा कॉलेज एवं अस्पताल में जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक अपराधी की पहचान वीरेंद्र (43) के रूप में हुई है और उसका नाम हाल ही में एक जौहरी से लूट के मामले में सामने आया था।

पुलिस ने बताया कि वीरेंद्र के खिलाफ 53 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, अपराधी का एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) इलामारन ने बताया कि 22 अक्टूबर को तीन बदमाश अलीगंज थाना क्षेत्र (एटा जिले में) पहुंचे और एक जौहरी से सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और सर्विलांस व खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्धों में से एक की पहचान वीरेंद्र के रूप में की, जो मैनपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरचंदपुर का रहने वाला है।

अधिकारी ने बताया, “मंगलवार शाम करीब छह बजे पिलुआ थाना क्षेत्र में सुन्ना नहर के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में वीरेंद्र को गोली लग गई, जिसके बाद उसे तुरंत एटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।”

इलमारन ने बताया कि वीरेंद्र के खिलाफ पहले से ही लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, हत्या और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज थे।

उन्होंने बताया कि फरार संदिग्ध की तलाश की जा रही है और इस मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।