नयी दिल्ली: 23 नवंबर (ए) दिल्ली में सोमवार को चाकू से वार कर नौ कर्मियों को घायल करने वाले 30 वर्षीय व्यक्ति ने जामा मस्जिद थाने पहुंचते ही सबसे पहले कथित तौर पर सवाल किया था कि उसे किसने बुलाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद उसने अपनी जेब में छुपा कर रखा चाकू निकाल कर वहां मौजूद पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहत राजबीर सिंह ने बताया कि दरअसल, उसकी मां और बहन ने पुलिस से उसकी शिकायत की थी और उसे समझाने को कहा था जिसके बाद उसे जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां और बहन ने आरोप लगाया था कि नबील उन्हें परेशान कर रहा है।
सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘परिवार ने हस्तक्षेप की मांग करते हुए पुलिस से संपर्क किया था, जिसके बाद जांच अधिकारी उप-निरीक्षक (एसआई) अजय ने नबील को समझाने के लिए थाने बुलाया था।’
उन्होंने कहा कि शुरुआत में नबील ने आने से इनकार कर दिया। हालांकि, बाद में वह थाने पहुंचा, जहां उसकी मां और बहन भी मौजूद थीं। जब यह घटना हुई तो दोनों महिलाएं परिसर में ही थीं, लेकिन नबील ने संभवतः उन पर ध्यान नहीं दिया।
पुलिस ने बताया कि स्वागत कक्ष में पहुंचते ही उसने पुलिसकर्मियों से पूछा कि उसे किसने बुलाया है।
डीसीपी ने कहा, ‘जब एसआई अजय ने बताया कि उन्होंने ही उसे बुलाया था, तो नबील ने अपनी जेब में छिपाकर रखा एक छोटा चाकू निकाला और बिना किसी उकसावे के अधिकारी पर हमला कर दिया।’
उन्होंने कहा कि अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा उसे काबू करने की कोशिश करने पर हमला और तेज हो गया। नबील ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे उनकी गर्दन और चेहरे पर चोटें आईं। शुरुआती हमले में घायल हुए पांच पुलिसकर्मियों में उप-निरीक्षक अजय, उप-निरीक्षक अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र शामिल हैं, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) श्री कृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत भी घायल हुए हैं।
अधिकारी ने बताया कि हिंसा थाने तक ही सीमित नहीं रही। जब वह थाने से भागा और पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, तो नबील ने कथित तौर पर एक स्कूटर सवार के साथ मारपीट की, जबरन उसका वाहन छीन लिया और चितली कब्र इलाके की ओर भाग निकला।
अधिकारी ने कहा, ‘पुलिस की कई टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, जब पुलिसकर्मियों ने चितली कब्र में उसका पता लगाया, तो उसने उसी चाकू से एक और हमला कर दिया, जिसमें चार और पुलिसकर्मी घायल हो गए। जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, तो पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।’
पुलिस ने बताया कि उन्होंने आठ गोलियां चलाईं, जिनमें से छह नबील को कमर से नीचे लगीं। उसका काफी खून बह गया और उसे लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया। चितली कब्र की घटना में घायल हुए चार पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल ले जाया गया, जबकि पांच अन्य को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस ने बताया कि सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती घायल पुलिसकर्मियों में से चार को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल होने वालों में उपनिरीक्षक अजय और उपनिरीक्षक अरविंद शामिल हैं।
पुलिस ने नबील के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वह मानसिक रूप से स्वस्थ है। उसके खिलाफ 2022 में मारपीट के आरोप में दरियागंज थाने में पहले से एक मामला दर्ज है।
थाने में हुए हमले, स्कूटर को कथित तौर पर जबरन छीनने और बाद में चितली कब्र में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के संबंध में तीन मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि आरोपी से अभी पूछताछ की जानी है, इसलिए हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।
