अमेरिका-ईरान समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर होंगे-ट्रंप

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वॉशिंगटन/इस्लामाबाद,14 जून (ए)।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए रविवार को एक डील पर साइन किए जाएंगे और इसके तुरंत बाद रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य “सभी के लिए खुल” जाएगा।

ट्रंप की ये टिप्पणी शनिवार को पाकिस्तान के उस संकेत के कुछ घंटों बाद आई, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका और ईरान बातचीत के आखिरी दौर में हैं और समझौते के लिए रविवार को एक इलेक्ट्रॉनिक साइनिंग सेरेमनी तय की गई है।

हालांकि, बताई गई समय-सीमा पर ईरान की ओर से अभी कोई टिप्पणी नहीं आई है।

ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, “कल डील पर साइन होने हैं, और साइन होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खुल जाएगा।” यह महीनों के टकराव और बातचीत के बाद एक बड़ी कूटनीतिक कामयाबी का संकेत हो सकता है।

साथ ही, ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर डील उम्मीद के मुताबिक नहीं हो पाती है, तो नए हमलों का खतरा बना रहेगा।

उन्होंने कहा, “हम भविष्य में लंबे समय तक ईरान और पूरे मध्य पूर्व के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया जल्दी, आसानी से और सुचारू रूप से पूरी हो जाएगी। अगर ऐसा नहीं होता है, तो हमारे पास आखिरी विकल्प मौजूद है, जिसका इस्तेमाल उम्मीद है कि कभी नहीं करना पड़ेगा।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रस्तावित समझौते की तुलना पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में हुई 2015 की ‘जॉइंट कॉम्प्रिहेंसिव प्लान ऑफ एक्शन’ (JCPOA) डील से भी की।

उन्होंने कहा, “ईरान के साथ बराक हुसैन ओबामा की डील, यानी JCPOA, परमाणु हथियार हासिल करने का एक आसान, शानदार और सुगम रास्ता थी। अगर वह डील रहती, तो ईरान के पास छह साल पहले ही परमाणु हथियार आ गए होते और वे अब तक उनका इस्तेमाल भी कर चुके होते।”

उन्होंने कहा, “ईरान के साथ मेरा समझौता बिल्कुल इसके उलट है – परमाणु हथियार न बनने देने की एक दीवार! असल में, अब वे परमाणु हथियार नहीं चाहते हैं और न ही उनके पास कोई परमाणु हथियार होगा – चाहे खरीदकर, विकसित करके या किसी अन्य तरीके से हासिल करके।”

ट्रंप ने आगे दावा किया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से बेअसर कर दिया गया है और कहा कि बाकी बचे परमाणु सामग्री को बाद के चरण में खत्म कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, “सही समय आने पर, जब सब कुछ शांत होगा, हम अपने शानदार B-2 बॉम्बर और उनके बेहतरीन पायलटों की मदद से अंदर जाएंगे और उस न्यूक्लियर डस्ट (परमाणु सामग्री) को निकालेंगे जो ग्रेनाइट के विशाल पहाड़ों के नीचे गहराई में दबी है। फिर हम उसे डाउनब्लेंड करके नष्ट कर देंगे, चाहे वह ईरान में हो या अमेरिका में।”

इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि अमेरिका-ईरान शांति समझौते को अगले 24 घंटों में अंतिम रूप दिया जा सकता है, क्योंकि इस्लामाबाद ने संकेत दिया था कि रविवार को इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर समारोह होने की उम्मीद है।

यह संकेत शनिवार को विदेश कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में दिया गया, जो उप प्रधानमंत्री इशाक डार और सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद आया।

बयान में कहा गया, “उन्होंने अमेरिका-ईरान बातचीत के अंतिम चरण में पहुंचने का स्वागत किया – जिसके तहत कल (रविवार) इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर समारोह होना है – और उम्मीद जताई कि यह महत्वपूर्ण घटनाक्रम क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता में योगदान देगा।”

बयान के अनुसार, सऊदी विदेश मंत्री ने पूरी प्रक्रिया के दौरान मध्यस्थता और बातचीत के समर्थन में पाकिस्तान के “लगातार और निरंतर प्रयासों” की सराहना की।

दोनों नेताओं ने इस महीने के आखिर में मिस्र में होने वाली ‘रीजनल फोर फॉरेन मिनिस्टर्स’ (R-4) की आगामी बैठक पर भी चर्चा की।

शरीफ़ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “हम शांति समझौते के पहले से कहीं ज़्यादा करीब हैं। अगले 24 घंटों में इसके अंतिम रूप लेने की संभावना है, और पाकिस्तान इसके तुरंत बाद शांति समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है, जिसके बाद अगले सप्ताह तकनीकी स्तर की बातचीत होगी।”

उन्होंने बातचीत के दौरान अमेरिका और ईरान की “लगातार प्रतिबद्धता” के लिए उनका शुक्रिया अदा किया और इस क्षेत्र के देशों से मिले समर्थन की सराहना की।

उन्होंने कहा, “हमें भरोसा है कि यह ऐतिहासिक शांति समझौता लंबे समय तक चलने वाली शांति के लिए एक मजबूत आधार बनेगा।” इस पोस्ट में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और देश के विदेश मंत्री अब्बास अरागची को टैग किया।

शुक्रवार को अरागची ने बातचीत में प्रगति का संकेत देते हुए कहा था कि “इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (MoU) अब तक के सबसे करीब है”।

अरागची ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था, “इसके अंतिम रूप लेने तक, मीडिया को इसकी सामग्री के बारे में अटकलें लगाने से बचना चाहिए। हमारे जिम्मेदार और पारदर्शी दृष्टिकोण के अनुरूप, सभी विवरण सही समय पर जनता के साथ साझा किए जाएंगे।”

28 फरवरी को शुरू हुए इस संघर्ष ने वैश्विक बाजारों को हिलाकर रख दिया है, क्षेत्रीय गठबंधनों की परीक्षा ली है और बातचीत के जरिए समाधान खोजने की राजनयिक कोशिशों को तेज किया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, शरीफ ने शनिवार को कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी से भी बात की। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान की शांति कोशिशों के लिए कतर के “मजबूत और अटूट समर्थन” की सराहना की और कहा कि शांति समझौता “बहुत जल्द संबंधित पक्षों द्वारा हस्ताक्षर किए जाने के लिए तैयार” हो जाएगा।

बयान में कहा गया है कि कतरी नेता ने राजनयिक कोशिशों को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान की भूमिका की तारीफ की। इसमें कहा गया है कि दोनों नेताओं ने उम्मीद जताई कि यह पहल क्षेत्र में लंबे समय तक चलने वाली शांति में योगदान देगी और वे आने वाले दिनों में करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए।

उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने भी यूरोपीय संघ की विदेश मामलों की उच्च प्रतिनिधि काजा कल्लास, स्विस विदेश मंत्री इग्नाज़ियो कैसिस, मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलत्ती और सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान के साथ अलग-अलग फोन पर बातचीत की।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, डार ने इन चार नेताओं के साथ अमेरिका-ईरान के बीच चल रही बातचीत में हुई प्रगति पर चर्चा की। सभी पक्षों ने उम्मीद जताई कि राजनयिक कोशिशें “क्षेत्र में लंबे समय तक चलने वाली शांति और स्थिरता” में योगदान देंगी।

पाकिस्तान अमेरिका-ईरान बातचीत में एक अहम मध्यस्थ के तौर पर उभरा है। उसने वाशिंगटन और तेहरान के बीच संपर्क आसान बनाया है और संघर्ष को खत्म करने के मकसद से राजनयिक कोशिशों की मेजबानी की है। अप्रैल में एक नाज़ुक युद्धविराम लागू होने के कुछ दिनों बाद, इस्लामाबाद में शांति वार्ता का पहला दौर हुआ। इसमें दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, लेकिन वे किसी समझौते पर नहीं पहुँच सके।