अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 मई से चीन की राजकीय यात्रा पर जाएंगे

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

बीजिंग,11 मई (ए) ।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर 13 से 15 मई तक चीन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। लगभग नौ वर्षों में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की यह पहली चीन यात्रा होगी। यह यात्रा अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच चल रहे लंबे युद्ध, होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट और ताइवान सहित कई मुद्दों पर कई मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच हो रही है।

रविवार को अमेरिकी प्रधान उप प्रेस सचिव अन्ना केली ने कहा कि ट्रंप बुधवार शाम को बीजिंग पहुंचेंगे, जिसे उन्होंने बेहद प्रतीकात्मक महत्व की यात्रा बताया। केली के अनुसार, ट्रंप गुरुवार को स्वागत समारोह और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक में शामिल होंगे, जिसके बाद वे टेंपल ऑफ हेवन का दौरा करेंगे और राजकीय भोज में भाग लेंगे। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने यह जानकारी दी है।