मुजफ्फरनगर (उप्र): 25 अक्टूबर (ज) मुजफ्फरनगर जिले में एक वांछित अपराधी को उसके परिजनों ने पुलिस दल पर कथित रूप से हमला करके हिरासत से छुड़ा लिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, जिले के सिकहेड़ा गांव में शनिवार शाम पुलिस वांछित आरोपी एवं हिस्ट्रीशीटर साहिल उर्फ भूरिया को गिरफ्तार करने गई थी तभी उसके परिजनों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया और आरोपी को हिरासत से छुड़ा लिया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अक्षय संजय ने बताया कि पुलिस ने साहिल उर्फ भूरिया, उसकी मां आयशा, बहनों सना, सानिया और जोहा तथा भाई जैद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि इन सभी पर पुलिस दल पर हमला करने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने और दो पुलिसकर्मियों को घायल करने का आरोप है। हमले में उपनिरीक्षक रूपेश कुमार और कांस्टेबल कुलदीप घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं।
इसी बीच, जिले में एक अन्य घटना में संदिग्ध बदमाशों की जांच के दौरान पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को गोली लग गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सूरज कुमार राय ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि तितावी थाना क्षेत्र में जसोई गांव के पास संदिग्ध बदमाशों की जांच के दौरान बदमाशों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी जिसमें इसमें हेड कांस्टेबल अजीत कुमार को गोली लग गई।
उन्होंने बताया कि कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की आठ टीम गठित की गई हैं।
