हमारा हरसंभव प्रयास रहेगा कि आम सहमति से निर्णय लेकर चुनाव निर्विरोध हों: देवेंद्र फडणवीस

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई, 15 मार्च (ए)) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि बारामती और राहुरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव आम सहमति से निर्विरोध कराए जाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर मुकाबला होता है तो भाजपा इसके लिए तैयार है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने दिन में घोषणा की कि तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के कारण खाली हुई पुणे की बारामती सीट और भारतीय जनता पार्टी विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन के कारण अहिल्यानगर की राहुरी सीट पर उपचुनाव 23 अप्रैल को होंगे।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि मतगणना चार मई को होगी।

भारत निर्वाचन आयोग की घोषणा से पहले पत्रकारों से फडणवीस ने कहा, ‘हमारा हर संभव प्रयास रहेगा कि आम सहमति से निर्णय लिया जाए ताकि चुनाव निर्विरोध कराए जा सकें। हालांकि, अगर हम पर (भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति पर) चुनाव थोपे जाते हैं तो हम चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार हैं।’

देशभर में आठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की पांच सीट पर नौ अप्रैल को मतदान होगा, जबकि गुजरात की एक सीट और महाराष्ट्र की दो सीट (बारामती और राहुरी) पर 23 अप्रैल को मतदान होगा।

अन्य छह सीट गोवा में पोंडा, कर्नाटक में बागलकोट और दावनगेरे साउथ, नगालैंड में कोरीडांग, त्रिपुरा में धर्मनगर और गुजरात में उमरेथ हैं।