महिला आरक्षण विधेयक का क्या मतलब, अगर इसे तुरंत लागू नहीं कर सकते: प्रियंका गांधी

राष्ट्रीय
Spread the love

धार (मध्य प्रदेश), पांच अक्टूबर (ए) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिलाओं के साथ ‘मजाक’ कर रही है क्योंकि विधानमंडलों में उनके लिए सीटें आरक्षित करने वाला नया कानून 10 साल तक लागू नहीं किया जा सकता है।.

चुनावी राज्य मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले के मोहनखेड़ा में बृहस्पतिवार को एक जनसभा में बोलते हुए, उन्होंने देश में जाति जनगणना की भी वकालत की और भ्रष्टाचार को लेकर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की आलोचना की।.गांधी ने कहा, ‘‘ भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिला आरक्षण विधेयक लेकर आई….हम सभी विपक्षी दलों ने भी इसका समर्थन किया। फिर पता चला कि इसे 10 साल तक लागू नहीं किया जाएगा, उससे पहले जनगणना कराई जाएगी और परिसीमन होगा। तो फिर इस घोषणा का मतलब क्या था?…आप महिलाओं को मजाक समझ रहे हैं?’’

कांग्रेस नेता ने बताया कि सरकार को नये अधिनियम (जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करता है) को लागू करने से पहले परिसीमन करना होगा और इसमें 10 साल लगेंगे।

गांधी ने आगे कहा कि अगर सभी को समान अधिकार है तो जाति आधारित जनगणना क्यों नहीं कराई जा रही? उन्होंने कहा कि बिहार में जाति आधारित जनगणना में पाया गया कि 84 फीसदी आबादी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और दलित है, लेकिन ये लोग सरकारी पदों पर नहीं हैं, लेकिन इस बारे में जब उनसे पूछा जाता है तो वे (भाजपा) चुप हो जाते हैं।