नांदेड़: सात सितंबर (ए) महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में सोमवार सुबह 40 वर्षीय एक व्यक्ति रूठ कर मायके गई अपनी पत्नी को मनाने के लिए 200 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
इस दौरान उसके पास एक बड़ा बोर्ड भी था।विवाद के बाद पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से परेशान शादुल शेख ने उसे मनाने के लिए यह कदम उठाया। शेख, मुखेड़ तहसील के बेटमोगरा गांव का रहने वाला है और दोनों पति पत्नी मूक बधिर हैं। शेख के टावर पर चढ़ने के बाद सुबह करीब आठ बजे लोहा बस स्टैंड के पास यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
शेख, टावर के ऊपर चढ़ गया और वहां से पत्नी से वापस लौटने की अपील वाला बड़ा बैनर दिखाने लगा।
शेख के इस कदम से स्थानीय पुलिस भी कुछ समय तक असमंजस में रही।मौके पर मोबाइल फोन से वीडियो बनाने वाले सैकड़ों लोग जमा हो गए जबकि अधिकारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने की योजना बनाने में जुट गए।
पुलिस के अनुसार, शेख और उसकी पत्नी दोनों मूक-बधिर हैं।
पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले विवाद के बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी।
पुलिस के अनुसार, शेख टावर पर चढ़ गया और एक बड़ा बैनर लहराया, जिसमें उसने अपने ससुराल वालों से पत्नी को वापस भेजने व उसकी शादी बचाने की अपील की थी।पुलिस के अनुसार, बाद में उसकी पत्नी के मौके पर पहुंचने के बाद शेख टावर से नीचे उतर आया।
हालांकि, उसे नीचे उतारने में कितना समय लगा, इसकी जानकारी पुलिस ने नहीं दी।
