महिला ने लगाया रिश्ते में धोखे और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप,एक व्यक्ति गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश मुरादाबाद
Spread the love

मुरादाबाद (उप्र), 14 जून (ए) मुरादाबाद में एक व्यक्ति को अपनी धार्मिक पहचान छिपाने और चार साल के रिश्ते के बाद शादी के लिए एक महिला पर धर्म बदलने का दबाव डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आज़मगढ़ ज़िले की रहने वाली महिला ने मुढ़ा पांडेय पुलिस थाने में धोखाधड़ी, यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान फाजिल अंसारी के तौर पर की गई है और उसने हिमाचल प्रदेश में एक फैक्टरी में शिकायतकर्ता के साथ काम करते समय कथित तौर पर खुद को ‘साहिल’ बताया था। महिला का आरोप है कि अंसारी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पवित्र धागा पहना, उसके साथ मंदिरों और गुरुद्वारों में गया और धार्मिक रीति-रिवाजों में हिस्सा लिया।

पुलिस अधीक्षक (सिटी) कुंवर रणवीर सिंह ने बताया कि अंसारी उर्फ ​​साहिल को शुक्रवार को गिरफ़्तार किया गया।

सिंह ने कहा, ‘‘आरोपी के तीन नामजद रिश्तेदार- उसके माता-पिता और भाई फ़रार हैं और उन्हें खोजने की कोशिशें की जा रही हैं।’

शिकायतकर्ता का आरोप है कि अंसारी ने अपनी पहचान छिपाकर करीब चार साल तक उसके साथ संबंध बनाए रखे और इस दौरान उसका यौन शोषण किया।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी के मंदिरों और गुरुद्वारों में जाने की कथित तस्वीरें और अपने खाते से किए गए पैसे के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज़ सौंपे हैं।

शिकायत के अनुसार, जब उसने अंसारी पर शादी करने का दबाव डाला, तो उसने कथित तौर पर इनकार कर दिया और उसके 12 लाख रुपये, एक मोबाइल फ़ोन और सोने की चेन लेकर मुरादाबाद भाग गया।

महिला ने आरोप लगाया कि उसकी तलाश में मुरादाबाद पहुंचने पर उसे पता चला कि ‘साहिल’ असल में फ़ाज़िल अंसारी था।

उसने यह भी आरोप लगाया कि अंसारी के परिवार वालों ने उससे कहा कि शादी तभी हो सकती है जब वह अपना धर्म बदल ले। उसने दावा किया कि ऐसा करने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में वह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस थाने पहुंची।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि एक पुलिस चौकी पर समझौता हुआ था, जिसके तहत दोनों पक्ष मध्यस्थता की कोशिशों के बीच कोर्ट मैरिज के लिए हिमाचल प्रदेश जाने पर सहमत हुए थे। उनके अनुसार, समझौते में यह तय किया गया था कि जो भी पक्ष इस व्यवस्था से पीछे हटेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

महिला ने बताया कि वह केस की पैरवी के लिए पिछले एक साल से मुरादाबाद में रह रही थी और आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार ने उस पर धर्म परिवर्तन करने और नमाज़ पढ़ने का बार-बार दबाव डाला।

महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि आरोपी और उसके परिवार को कड़ी सज़ा दिलाई जाए।

पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों के बयान और जांच के दौरान इकट्ठा किए गए अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।