शर्मनाक: घर छोड़ने के बहाने युवकों ने महिला के साथ किया गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 23 अप्रैल (ए)। यूपी के लखनऊ में एक शर्मनाक घटना सामने आई है जहां एक मूक-बधिर महिला को बाइक से घर छोड़ने का झांसा देकर परिचित अपने दोस्त के घर ले गया वहां आरोपी और उसके दोस्त ने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। फिर युवती को उसके घर के पास छोड़ कर फरार हो गए।बेटी के साथ हुई हैवानियत का पता चलने पर मां ने गाजीपुर थाने पहुंच कर मुकदमा दर्ज कराया।जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 
एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक 35 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। वह मायके में रहती है। बुधवार को महिला घर लौट रही थी।रास्ते में उसे मोनू कश्यप मिल गया। जो पहले महिला के मोहल्ले में रहता था। उसने महिला को बाइक पर बैठा लिया। इशारों में उसने महिला को घर पहुंचाने की बात कही। जिसके बाद वह पीड़िता को दोस्त दीपू कश्यप के गौतमपल्ली 1090 स्थित किराए के कमरे पर ले गया।जहां आरोपियों ने महिला के साथ दुराचार किया। मूक-बधिर महिला आरोपियों की हरकत का विरोध करने लगी। जिस पर उसे पीटा गया। इंस्पेक्टर गाजीपुर प्रशांत मिश्रा के अनुसार महिला के साथ गलत काम करने के बाद आरोपी ही उसे घर के बाहर छोड़ गए थे।बदहवास हालत में घर पहुंचने पर महिला की हालत देख उसकी मां सन्न रह गई।

इशारों में महिला ने किसी तरह से मां को आपबीती बताई। जिसके बाद परिवार थाने पहुंचा था। वारदात की सूचना मिलते ही आरोपी मोनू और दीपू की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी थी। गुरुवार को बस्तौली के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक बाइक भी बरामद हुई है। साथ ही महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।