बेंगलुरु: 27 अप्रैल (ए)
) हाल ही में अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए अमेरिका से बेंगलुरु पहुंचीं एक महिला चिकित्सक के एक करोड़ रुपये के स्वर्ण निर्मित आभूषण एक ‘मैरिज हॉल’ से कथित तौर पर चोरी हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 22 अप्रैल को ओल्ड मद्रास रोड स्थित एक मैरिज हॉल में हुई।
पुलिस के अनुसार, अमेरिका में रहने वालीं चिकित्सक ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 18 अप्रैल को भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए बेंगलुरु पहुंची थीं। चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथ लगभग 725 ग्राम सोने के आभूषण लाई थीं, जिनकी कीमत एक करोड़ रुपये थी।
शिकायत में बताया गया है कि वह यहां गंगानगर में अपने भाई के साथ रह रही थीं। शिकायत में महिला चिकित्सक ने आरोप लगाया कि उन्होंने कुछ आभूषण पहने और बाकी ‘मैरिज हॉल’ के एक बंद कमरे में रख दिए, लेकिन जब वह बाद में लौटीं तो उन्होंने पाया कि उनके कीमती आभूषण गायब थे।
प्राथमिकी में कहा गया है कि चिकित्सक ने बताया कि आभूषण बदलते समय मैरिज हॉल की एक महिला कर्मचारी कमरे में पहुंची थी पर वह बाद में चली गई। लेकिन चिकित्सक को उस महिला कर्मचारी पर शक है।
पुलिस ने बताया कि उनकी शिकायत के बाद अवलाहल्ली पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।