मेरठ: 28 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हस्तिनापुर वन्य जीव अभ्यारण्य क्षेत्र में खैर वृक्षों की अवैध कटाई करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग के अनुसार, हस्तिनापुर रेंज के अर्जुन व द्रौपदी वन ब्लॉक में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिलने पर टीम ने छापेमारी की और इस दौरान मौके से चार आरोपियों को धर दबोचा।
विभाग ने बताया कि आरोपियों की पहचान लोकेश, आदित्य, सिट्टू (अमरोहा) और अली हसन ( मेरठ) के रूप में हुई है।
वन विभाग के मुताबिक, टीम ने मौके से लकड़ी, आरा, कुल्हाड़ियां, फावड़ा और रस्सी आदि उपकरण बरामद किये।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक सक्रिय गिरोह के सदस्य हैं, जो विभिन्न जिलों से सटे जंगलों में खैर के वृक्षों की अवैध कटाई में शामिल रहे हैं।
प्रभागीय वन अधिकारी वंदना ने बताया कि पेड़ों की अवैध कटाई और वन्यजीवों का शिकार गंभीर अपराध हैं तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही पूरी की गई है।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और लगातार दबिश दी जा रही है।