पूर्वी चंपारण, 30 अक्टूबर एएनएस। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि देश की रक्षा के लिए सत्ता को त्याग देंगे लेकिन भारत की एक इंच जमीन को जाने नहीं देंगे। हम पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध चाहते हैं। हम न तो किसी की एक इंच जमीन लेंगे और न देंगे। उन्होंने कहा बिहार रेजीमेंट के जवानों का बलिदान भुलाया नहीं जा सकता। वे उन माताओं को नमन करते हैं, जिनकी कोख से उन जवानों ने जन्म लिया था। केंद्रीय रक्षा मंत्री केसरिया विधानसभा के हुसैनी स्थित डीपी उच्च विद्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को जदयू प्रत्याशी शालिनी मिश्रा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम पैदा कर रहे हैं कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा कर लिया है। ऐसे लोगों को 1962 से 2013 तक का इतिहास याद करना चाहिये। जबकि हकीकत यह है कि हमारे जवानों ने अपनी शहादत देकर मातृ भूमि की रक्षा की है। इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिये। हमारे देश के जवानों ने हमेशा शौर्य व पराक्रम का परिचय दिया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि हम घुटने टेकने का चरित्र नहीं रखते। राजद पर तंज कसते हुए कहा कि लालटेन फूट गया है और तेल बह गया है। कुछ लोग नौजवानों को गुमराह कर रहे है कि उन्हें नौकरी देंगे। राजद के 15 सालों के शासनकाल में प्रतिभाओं का पलायन हुआ।
