भाजपा को विकास एजेंडे का फायदा मिला: कतील

राष्ट्रीय
Spread the love

मेंगलुरु, 11 नवंबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कतील ने बुधवार को कहा कि राज्य में विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत लोगों की सोच को परिलक्षित करती है जिन्होंने भाजपा के विकास एजेंडे को स्वीकार कर लिया है।

कतील ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सिरा और राजेश्वरी नगर विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में तथा विधान परिषद के तीन चुनावों में भाजपा को मिले जनादेश ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस भरोसालायक पार्टी नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोगों ने जाति एवं गुंडागर्दी की राजनीति को खारिज कर दिया है तथा दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह जीत मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के विकास एजेंडे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के दृष्टिकोण का परिणाम है।’’

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजग का प्रदर्शन दर्शाता है कि देश में अब भी मोदी लहर है।