एसीबी अदालत ने चंद्रबाबू नायडू की न्यायिक हिरासत 19 अक्टूबर तक बढ़ाई

राष्ट्रीय
Spread the love

अमरावती, पांच अक्टूबर (ए) अमरावती की एक स्थानीय अदालत ने कथित कौशल विकास निगम घोटाला में गिरफ्तार तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू की न्यायिक हिरासत बृहस्पतिवार को 19 अक्टूबर तक बढ़ा दी।.

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अदालत ने तीसरी बार नायडू की न्यायिक हिरासत बढ़ाई है।.

अदालत ने नायडू की जमानत याचिका और आंध्र प्रदेश पुलिस सीआईडी की उनकी हिरासत की मांग वाली याचिका पर सुनवाई भी शुक्रवार के लिए टाल दी।

सीआईडी की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता पी सुधाकर रेड्डी ने पैरवी की, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से उच्च्तम न्यायालय के अधिवक्ता प्रमोद दुबे पैरवी कर रहे थे।

सीआईडी नायडू से आगे की पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस हिरासत की मांग कर रही है। पुलिस का कहना है कि 23 और 24 सितंबर को पहली दो दिवसीय हिरासत में पूछताछ के दौरान उन्होंने जांचकर्ताओं के साथ कथित तौर पर सहयोग नहीं किया था।

नायडू को कौशल विकास निगम के धन में अनियमितता करने और राजकोष को करीब 300 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में नौ सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।