भुवनेश्वर: 23 मई (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि ओडिशा में ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार बनी तो माफिया के खिलाफ बुलडोजर चलाया जाएगा।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 20-25 वर्षों के दौरान ‘‘अफसर राज’’ ने ‘‘ओडिशा को 50 वर्ष पीछे धकेल दिया है।’’ उन्होंने सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर राज्य में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया।पुरी लोकसभा सीट के तहत चिल्का विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमें ओडिशा में डबल इंजन सरकार बनाने की ताकत दें ताकि हम उत्तर प्रदेश की तरह जमीन, रेत, जंगल और मवेशी माफिया पर बुलडोजर चलाकर रास्ता साफ कर सकें।’’उन्होंने कहा, ‘‘बीजद सरकार नौकरशाही से घिरी हुई है और जब नौकरशाही किसी सरकार को घेरती है, तो यह तानाशाही को जन्म देती है। तब भ्रष्टाचार बढ़ता है, गरीबों का शोषण होता है और प्रशासन ध्वस्त हो जाता है।’’ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सहयोगी और नौकरशाह से बीजद नेता बने वी के पांडियन का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘एक अधिकारी को इतनी स्वतंत्रता नहीं दी जानी चाहिए कि वह सरकार को नियंत्रित करना शुरू कर दे। केवल निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को ही राज्य पर शासन करना चाहिए, जो एक स्वस्थ लोकतंत्र का आधार है।’’
