कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित शिवकुमार ने 13 मंत्रियों के शपथ लेने की पुष्टि की

राष्ट्रीय
Spread the love

बेंगलुरु: तीन जून (ए)) कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि उनके साथ 13 अन्य मंत्री भी पद की शपथ लेंगे।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन के ग्लास हाउस में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

संवाददाताओं द्वारा यह पूछे जाने पर कि उनके साथ कितने मंत्री शपथ लेंगे, शिवकुमार ने कहा, “13 और।” हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर राज्य के नये उपमुख्यमंत्री होंगे।

सूत्रों के अनुसार, मंत्री पद की शपथ लेने वाले अन्य विधायकों में सतीश जारकीहोली, के. एच. मुनियप्पा, प्रियांक खरगे, कृष्णा बायरे गौड़ा, यू टी खादर, यतींद्र सिद्धरमैया, एम बी पाटिल, के जे जॉर्ज, रामलिंगा रेड्डी, शरण प्रकाश पाटिल, ईश्वर खांद्रे और बिरथी सुरेश शामिल हैं।

शपथ लेने वाले मंत्रियों की आधिकारिक सूची की घोषणा अभी नहीं की गई है।

यू टी खादर और यतींद्र को छोड़कर शपथ लेने वाले अन्य सभी संभावित नेता सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली पिछली कैबिनेट में भी मंत्री रह चुके हैं।

खादर अब तक कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष थे, जबकि यतींद्र निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के पुत्र हैं।