किसान आंदोलन:यूपी में सैकड़ों सपाई नजरबंद, कई गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ,07 दिसम्बर एएनएस। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर सोमवार को यूपी के सभी जिलों में सुबह से ही पदयात्रा के दौरान सैकड़ों सपाइयों को नजरबंद किया गया है। कई स्थानों पर जबरिया यात्रा निकालने की कोशिश कर रहे सपाइयों को गिरफ्तार भी किया गया है।इस बीच कानपुर, प्रयागराज,जौनपुर, वाराणसी, आजमगढ़ समेत कई जिलों में सपाइयों का उग्र प्रदर्शन हुआ है। 
कानपुर में सपा के 2 विधायकों समेत करीब डेढ़ सौ सपाइयों को पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार कर लिया है। सभी को पुलिस लाइन लाया गया है। अभी इनकी औपचारिक गिरफ्तारी घोषित नहीं की गई है। सपा ने सोमवार को गंगा बैराज से किसान यात्रा निकालने की तैयारी की थी। इससे पहले सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने आर्य नगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और सीसामऊ से विधायक इरफान सोलंकी को उनके घरों पर नजरबंद कर दिया था। दोपहर करीब 12 बजे दोनों विधायक घरों से पुलिस का घेरा तोड़कर निकल पड़े। इरफान को पुलिस ने फूल बाग से तथा अमिताभ बाजपेयी को मर्चेंट चेंबर के एक कार्यक्रम से हिरासत में ले लिया। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों से भी सपाइयों को पुलिस लाइन पहुंचा दिया गया है। अमिताभ बाजपेई ने कहा है कि पुलिस नाइंसाफी कर रही है। सपा ने शांतिपूर्ण यात्रा निकालने का फैसला किया था। प्रयागराज से मिली खबर के अनुसार किसानों के समर्थन में सोमवार सुबह रैली निकालने से पहले समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री समेत 50 कार्यकर्ताओं को पुलिल ने हिरासत में ले लिया। सपाई सुबह 11 बजे जार्जटाउन स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में रैली निकालने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच वहां बड़ी संख्या में फोर्स पहुंच गई। कुछ मिनट के अंदर सुरक्षाकर्मियों ने सपा कार्यालय को घेर लिया। सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी गई। सपाई नारेबाजी करते हुए कार्यालय से बाहर निकले  और सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ने लगे। सुरक्षा घेरा तोड़ते ही सभी सपाइयों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में सपाई हिरासत में लिए गए। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष योगेशचंद्र यादव, महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन, पूर्व सांसद नागेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री हीरामणि पटेल, प्रवक्ता दानबहादुर सिंह मधुर समेत 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। वाराणसी से मिली खबर के अनुसार
किसानों के समर्थन में यात्रा निकालने के प्रयास में जिले भर में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। जिले में जगह जगह से निकाली जा रही किसान यात्राओं को रोकने के लिए भारी पुलिस बल लगाया गया। सपा के प्रमुख नेताओं के घर के बाहर फोर्स लगा कर उन्हें घरों में ही रोक दिया। सपा के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा पुलिस को गच्चा देकर कोतवाली स्थित अपने आवास से दूसरे मकान की छत डाक कर किसान यात्रा में शामिल हुए। लखनऊ में अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की खबर पाते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंच कर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया। पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल तथा रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल सहित सभी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उनके आवास पर ही रोक दिया।