घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव का फैसला देश की राजनीति में बदलाव लाएगा : अखिलेश यादव

राष्ट्रीय
Spread the love

मऊ (उप्र), 29 अगस्‍त (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव का फैसला देश की राजनीति बदलाव लाएगा।.

सपा प्रमुख यहां कोपागंज स्थित बापू इंटर कॉलेज के मैदान में घोसी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार सुधाकर सिंह के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। यादव ने कहा ‘‘अगर आपको मुकाबला भी करना पड़े तो अपने वोट के अधिकार के लिए मुकाबला करना, क्योंकि घोसी विधानसभा उपचुनाव का संदेश केवल उप्र के लिए नहीं है। घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के एक-एक वोट का संदेश देश में जाने वाला है, क्योंकि देश में कहीं और ऐसा चुनाव नहीं होने जा रहा।’’ यादव ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों से मिले समर्थन की ओर संकेत करते हुए कहा ‘‘ऐसा चुनाव शायद ही उप्र में देखने को मिला होगा, जहां पर सपा के प्रत्याशी के लिए जाति, धर्म से लेकर सब सीमाएं टूट गयी। अगर जाति धर्म की सीमाएं टूटी हैं तो दलों के सब बंधन भी टूट गये।’’ उन्होंने कहा कि कभी विरोधी रहे दल आज सपा का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादियों का साथ दे रहे दलों को वह बधाई देते हैं क्योंकि यह महत्वपूर्ण लड़ाई है। उन्होंने कहा ‘‘यह छोटी बड़ी लड़ाई नहीं है। यह बड़ा फैसला होगा आपका। यह ऐसा फैसला होगा जो देश की राजनीति में बदलाव लाएगा।’’.