जब शादी के लिये बारात लेकर निकले दूल्हे को नहीं मिला दुल्हन का घर,और नाचते रह गए बाराती

आजमगढ़ उत्तर प्रदेश
Spread the love


आजमगढ़, 13 दिसम्बर एएनएस। आये दिन बज रही शहनाईयों के बीच यूपी के आजमगढ़ जिले में एक ऐसा चौंका देने वाला मामला सामने आया है जहाँ बारात लेकर निकले दूल्हे और बारातियों को इस कदर झेलना पड़ा जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। जानकारी के अनुसार जिले के एक गांव से धूमधड़ाके के साथ शनिवार को बारात निकली। फूलों के सेहरे में सजा दूल्हा और बैंडबाजे की धुन पर नाचते-गाते बाराती जब दुल्हन के घर पहुंचे तो सभी सन्न रह गए। बारातियों को यहां न तो मंडप दिखा और न ही दुल्हन के परिवार वाले। बाराती सारी रात दुल्हन का घर और उनके परिवार वालों को खोजते रहे। इस बीच जब दुल्हन और उसके परिवार वालों का पता बारातियों को नहीं चला तो रविवार सुबह बारात बैरंग लौट गई। बिना दुल्हन के लौटे गुस्साए ग्रामीणों ने रिश्ता तय कराने वाली महिला को अपने घर बुलाकर बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई की। 
मामला जिले के कांशीराम कॉलोनी का है। यहां के रहने वाले एक युवक की छतवारा की रहने वाली एक महिला ने मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के राजीपुर में एक लड़की से शादी तय कराई थी। बताते हैं कि जिस लड़की से युवक का रिश्ता तय हुआ था उसकी नरौली स्थित एक दुकान पर दिखाई हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में बातचीत के बाद शादी तय हुई। आरोप है कि लड़की वालों ने गाजे-बाजे और लाइट आदि की व्यवस्था के लिए लड़के वालों से 20 हजार रुपये भी युवक के परिजनों से ले लिए। तय तारीख के अनुसार कांशीराम से बारात रानीपुर पहुंची तो वहां न तो कोई मंडप दिखा और न ही लड़की का घर।

लड़की और उसके परिवार वालों का भी कोई अता-पता नहीं था। लड़की की खोजबीन में बाराती सारी रात खोजबीन करते रहे। अंत में अगले दिन रविवार की सुबह बारात बैरंग वापस लौट आई। इसके बाद युवक के परिवार की महिलाओं ने रिश्त तय कराने वाली महिला को घर बुलाकर बंधक बना लिया। यहां उसकी जमकर पिटाई की गई। महिला के बंधक होने की खबर सुनकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनी महिला को कोतवाली ले आई। उसके साथ युवक की मां और अन्य लोग भी कोतवाली पहुंच गए। महिला से पूछताछ करके पुलिस मामले की तफ्तीश करने में जुटी है।