जमीन के नीचे गाड़े गए नोटों से भरे तीन ड्रम बरामद

उत्तर प्रदेश प्रयागराज
Spread the love

प्रयागराज, 29 अक्टूबर (ए) जिले के गंगा नगर के नवाबगंज थाना अंतर्गत ग्राम बरईपुर रामनगर में पुलिस ने एक मकान में जमीन के नीचे गाड़े गए नोटों से भरे तीन ड्रम बरामद किए हैं।

पुलिस उपाधीक्षक (गंगा नगर) सोनम कुमार ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बरईपुर रामनगर में राजेश यादव और राकेश यादव के मकान में चोरी के रुपये गाड़कर छिपाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस सूचना पर तत्काल पुलिस वहां पहुंची और एसीपी सोरांव और एसीपी फूलपुर के नेतृत्व में रुपयों से भरे तीन ड्रम बरामद किए गए और इस दौरान बरामदगी का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।

ड्रम को तत्काल सील करके मालखाने में रखा गया।

डीसीपी ने बताया कि आयकर विभाग के अधिकारी नकदी की गणना के लिए बृहस्पतिवार शाम यहां पहुंचे और गणना पूरी होने के बाद ही नकदी के मूल्य के बारे में पता चल सकेगा। पुलिस को और नकदी मिलने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आयकर विभाग के अधिकारी भी उनसे नकदी के स्रोत के बारे में पूछताछ करेंगे।