नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (ए) उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट स्थित एक कार्यालय से चार नकाबपोश लोगों ने पिस्तौल के बल पर कथित तौर पर 2.30 करोड़ रुपये लूट लिये। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि यह घटना बुधवार को चांदनी चौक के पास कूचा बृजनाथ में एक इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कंपनी के कार्यालय में हुई। इस दफ्तर में नकदी का लेनदेन किया जाता है।
एक पुलिस सूत्र के मुताबिक, कार्यालय में एक कर्मी अकेला था तभी चार नकाबपोश लोग पिस्तौलों के साथ अंदर दाखिल हुए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कर्मचारी पर कथित तौर पर पिस्तौल तान दी, उसके साथ मारपीट की और शोर मचाने पर उसे चाकू मारने की धमकी दी। फिर उन्होंने उसे एक कोने में बैठाया, अलमारी की चाबी ली और अंदर रखे 2.30 करोड़ रुपये एक बैग में भरे। सूत्र ने बताया कि आरोपी कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए।
कर्मचारी ने बाद में कंपनी के मालिक और पुलिस को घटना की जानकारी दी। लूट की सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस बाबत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
सूत्र ने कहा कि प्रारंभिक छानबीन के दौरान, पुलिस ने पाया कि आरोपी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी कार में बैठकर भाग गए।
पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) कैमरों की फुटेज को खंगाल कर रही है।
