महायुति में मौजूद ‘शकुनी मामा’ का पता लगाने का समय आ गया है : भाजपा नेता राणे

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई, 29 अक्टूबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधान परिषद चुनावों के नतीजों के मद्देनजर यह पता लगाना चाहिए कि क्या सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर कोई ‘शकुनि मामा’ तो मौजूद नहीं है।

विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए)ने द्विवार्षिक विधान परिषद चुनावों में पांच में तीन सीट पर जीत दर्ज की है, जिसके बाद सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में दरारें आ गई हैं। विपक्ष द्वारा जीती गई सीट में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह नगर की नागपुर स्नातक सीट भी शामिल है।

राणे ने कहा, ‘‘अब यह पता लगाने का समय आ गया है कि क्या महायुति के भीतर कोई ऐसे ‘शकुनि मामा’ हैं, जो शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे की लिखी पटकथा के अनुरूप चलते हैं।’’

शकुनि महाभारत का एक खलनायक पात्र है, जो कलह पैदा करने के लिए जाना जाता है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हमें यह देखना चाहिए कि क्या महायुति के भीतर ही कुछ लोग ऐसा काम कर रहे हैं जिससे उद्धव ठाकरे और एमवीए चैन की नींद सो सकें। गठबंधन के अंदर फूट डालने की कोशिश करने वालों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।’’

राणे ने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली, लेकिन उनकी पार्टी ने फिर भी उन निर्वाचन क्षेत्रों में दो सीटें जीतीं, जहां उसने पिछली बार चुनाव नहीं लड़ा था।

उन्होंने कहा कि अगर महायुति के सहयोगी दलों ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा होता, तो नतीजा कुछ और हो सकता था।

राणे ने कहा, ‘‘हमने विधानसभा चुनावों में हिंदुत्व के एजेंडे को लेकर एक एकजुट ताकत के रूप में लड़ाई लड़ी, और इसके नतीजे सबके सामने हैं। हमारे सहयोगियों को ‘महायुति’ की ताकत समझनी चाहिए।’’

भाजपा नेता ने शिव सेना (उबाठा) नेता संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दूसरी पार्टियों के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने के बजाय, अपनी पार्टी के तीन उम्मीदवारों की हार का विश्लेषण करना चाहिए।