जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा

राष्ट्रीय
Spread the love

जम्मू, 14 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

अधिकारियों ने बताया कि 270 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुक्रवार को भी बंद रही जिससे सैकड़ों ट्रक और अन्य वाहन फंसे रहे। यह एकमात्र सड़क है जो हर मौसम में कश्मीर को देश के दूसरे हिस्सों से जोड़ती है।

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को मेहार इलाके में एक बड़े भूस्खलन के कारण राजमार्ग बंद हो गया था।

अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग को साफ करने का अभियान जोर-शोर से चल रहा है ताकि यातायात की आवाजाही बहाल की जा सके।

दोनों तरफ करीब एक हजार से अधिक वाहन फंसे रहे और राजमार्ग बाधित होने के बाद काजीगुंड एवं उधमपुर चंदेरकोट में यातायात रोक दिया गया।