जानिए, 51 लाख की भैंस ‘सरस्वती’ के पास हैं क्यों दो बॉडीगार्ड?

राष्ट्रीय
Spread the love


लुधियाना, 01 जनवरी (ए)। पंजाब के लुधियाना में एक भैंस का नाम ‘सरस्वती’ है जिसकी कीमत 51 लाख रूपये है। ‘लक्ष्मी’ की इस पर पूरी कृपा है। लुधियाना के किसान पवित्र सिंह ने इसे हरियाणा के हिसार के किसान से 51 लाख रुपये में खरीदा है। यह भैंस रोजाना 33 किलो दूध देती है। सबसे अधिक हैरानी की बात यह है कि भैंस का कटड़ा(बच्चा) पैदा होने से पहले ही 11 लाख रुपये में बिक गया था। इसे अमृतसर के एक किसान ने खरीदा। माछीवाड़ा से आठ किमी दूर गांव रजूर स्थित है। यहां के किसान पवित्र सिंह  17 एकड़ में खेती करते हैं और डेयरी भी चला रहे हैं। उनकी डेयरी में 12 गाय और चार भैंसे हैं। 51 लाख की सरस्वती के अलावा तीन अन्य भैंसे हैं। सरस्वती को बाकी पशुओं की तरह चारा और दाना दिया जाता है। सामान्य खुराक के बावजूद सरस्वती दूध देने के मामले में बाकी पशुओं से खास है।किसान पवित्र ने बताया कि सरस्वती 33 किलो से ज्यादा दूध देती है।
कबूतरी रोजाना 27 किलो और नूरी 25 किलो दूध देती है। पवित्र की डेयरी में मुर्राह नस्ल की भैंस है। पवित्र ने बताया कि बात सिर्फ पैसे की नहीं शौक की है। सरस्वती की खुराक सामान्य है लेकिन उसकी देखरेख में दो कर्मचारी तैनात रहते हैं। सरस्वती भैंस ने एक दिन में पाकिस्तानी भैंस के 33.121 लीटर दूध देने के रिकॉर्ड को तोड़ा। सरस्वती ने एक दिन में रिकॉर्ड 33.131 लीटर दूध दिया था। वहीं एक अन्य पाकिस्तानी भैंस नजां ने 33.800 लीटर दूध देकर नया रिकॉर्ड बनाया है। अब किसान पवित्र सिंह की नजर इस रिकॉर्ड पर है। उनका मानना है कि जल्द ही सरस्वती यह रिकॉर्ड तोड़ देगी।