झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 16 फरवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे: आलम

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: सात फरवरी (ए) झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन 16 फरवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। राज्य के एक मंत्री ने यह जानकारी दी।

मंत्रिमंडल का विस्तार पहले बृहस्पतिवार को निर्धारित था लेकिन कार्यक्रम में बदलाव किया गया है और अब 16 फरवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

आलम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का राज्य में 14 फरवरी से शुरू होने वाले दो दिवसीय दूसरे चरण का हवाला देते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘शपथ ग्रहण समारोह स्थगित कर दिया गया है। अब, यह 16 फरवरी को अपराह्न तीन बजे होगा।’’

गांधी की यात्रा 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ से झारखंड में प्रवेश करेगी और 15 फरवरी को बिहार तक जारी रहेगी।

चंपई सोरेन ने दो फरवरी को आधिकारिक तौर पर राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

उसी दिन, दो मंत्रियों – आलमगीर आलम (कांग्रेस) और सत्यानंद भोक्ता (राष्ट्रीय जनता दल) ने भी शपथ ली थी।

संवैधानिक प्रावधानों के तहत, झारखंड में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। पिछली हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में एक सीट खाली थी।

मंत्रिपरिषद के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन के संबंध में आलम ने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक इस संबंध में निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बारे में नहीं बता सकता कि उसने अपने उम्मीदवारों का चयन किया है या नहीं।’’

झामुमो के एक सूत्र ने कहा कि पार्टी एक या दो बदलावों की संभावना के साथ, हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में शामिल ज्यादातर मंत्रियों को फिर नियुक्त कर सकती है।