तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी, पांच लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश मुजफ्फर नगर
Spread the love

मुजफ्फरनगर (उप्र): नौ सितंबर (ए) मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना इलाके में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इस घटना में तीन साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि दुर्घटना बुढ़ाना थाना क्षेत्र अंतर्गत भसाना गांव के पास बुढ़ाना रोड पर उस समय हुई जब दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोग मुजफ्फरनगर से आ रहे थे।इसी दौरान एक बस ने ओवरटेक करने की कोशिश की और सामने से आ रही बाइकों को चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, एंबुलेंस के पहुंचने तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में मारे गए इदरीस (60) और साजिद (24) एक मोटरसाइकिल पर सवार थे, जबकि फरमान (26), मोमिन (25) और तीन साल की बच्ची अल्लो दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया।

अत्री ने बताया कि बस चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और चालक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फरार रोडवेज चालक की तलाश की जा रही है।

इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि फिलहाल मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।