देश में कांग्रेस ने काम नहीं किया,इसलिए आज कांग्रेस के सौ सांसद भी नहीं- मोदी

अररिया बिहार
Spread the love


अररिया,03 नवंबर एएनएस। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए आज अररिया के फारबिसगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने राजद-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि इन लोगों ने पहले चुनाव को मजाक बनाकर रख दिया था उन्होंने कहा कि बिहार में कहा जाता है- अनकर धन पाईं, त नौ मन तौलाईं। स्वार्थ का भाव ये कि जब दूसरे का पैसा है, तो जितना चाहे खरीदो, क्या फर्क पड़ता है। जब जनता का पैसा है, तो जितना चाहे लूटो। ये लोग जनता के लिए, आपके लिए काम नहीं कर सकते। झूठ बोलकर कांग्रेस ने देश के लोगों के क्या-क्या सपने दिखाए। चुनाव से पहले कहते थे गरीबी हटाएंगे, किसान का कर्जा माफ करेंगे, टैक्स कम करेंगे। बातें बहुत कीं, लेकिन इतिहास गवाह है, दस्तावेज गवाह हैं कि इन्होंने इसमें से एक भी काम नहीं किया, सिर्फ लोगों को गुमराह किया। आज कांग्रेस की हालत ये है कि लोकसभा और राज्यसभा को मिला दें, तो भी उसके पास 100 सांसद नहीं हैं। 
कुछ लोगों को ये परेशानी है कि मोदी चुनाव क्यों जीतता है। मोदी चुनाव इसलिए जीतता है क्योंकि माताओं-बहनों की चिंता दूर करने का काम मोदी करता है। इसलिए माताएं मोदी को आशीर्वाद देती रहती हैं। इसलिए ये गरीब का बेटा, गरीबों की सेवा में अपना जीवन खपाता रहता है। गरीब की दिक्कतों को जो समझते हैं, वही गरीब के लिए काम करते हैं। गरीब-गरीब की माला जपते हुए मूर्ख बनाकर अपने महल बनाने वाले, अपने दूर के रिश्तेदारों तक के लिए महल बनाने वाले लोग, आपका दर्द नहीं समझ सकते।
एक समय था जब बिहार की पहचान बहुत सी नकारात्मक बातों से होने लगी थी। इस पहचान के जिम्मेदार कौन थे? मुझसे ज्यादा पहले के हालातों को बिहार से लोग जानते हैं। बिहार का बच्चा-बच्चा दुनिया में कहीं पर भी हो, इन बातों को भली-भांति जानता है। आज बिहार की पहचान बदल रही है। कुछ दिनों पहले ही बिहार के हर गांव को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ने के अभियान की शुरुआत हुई है। इससे बिहार के युवा घर बैठे ही देश और दुनिया में अच्छी पढ़ाई और बिजनेस के अवसरों से जुड़ पाएंगे।