नये साल का जश्न मनाने उत्तराखंड गये यूपी के दो PCS अधिकारियों को जब खानी पड़ी हवालात की हवा

राष्ट्रीय
Spread the love


नैनीताल , 01 जनवरी एएनएस। नए साल 2021 का जश्न मनाने उत्तर प्रदेश से नैनीताल पहुंचे दो पीसीएस अधिकारियों को यहाँ हंगामा करना उस वक्त खासा महंगा पड़ गया जब पुलिस ने दोनों को रात्रि के दौरान कोतवाली में बैठाया। कोतवाली थाने में बैठा दिये जाने पर इस बीच अधिकारियों ने यहां बवाल करना शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में कार्रवाई करने की तैयारी की तो मामला शांत हुआ।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 31 दिसम्बर की रात्रि नगर के मालरोड पर शहर में पहुंचे पर्यटक जश्न मना रहे थे। मालरोड में लोग पुराने साल की विदाई तथा नए वर्ष के स्वागत को लेकर लगातार जुट रहे थे। इसी बीच उत्तर प्रदेश से पहुंचे दो व्यक्तियों का अन्य लोगों से विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ने लगा तो इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर मल्लीताल कोतवाली से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवाद सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन यहां मौजूद दो लोग खुद को अधिकारी वर्ग का बताते हुए पुलिस से उलझने लगे। इसके बाद मामला और अधिक बढ़ गया। सूचना पर कोतवाल अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर दोनों अधिकारियों को कोतवाली ले जाया गया। जहां उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक चली कहासुनी के बाद पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी।
जिसके बाद दोनों का मेडिकल कराने को कहा गया। यह सुनकर अधिकारी शांत हो गए। जिसके बाद उन्होंने आगे इस तरह का विवाद न करने की बात कही। जिसपर दोनों को छोड़ा गया। इधर शुक्रवार को दिनभर मामला चर्चाओं का विषय बना रहा। हालांकि पुलिस अधिकारी इस संबंध में किसी भी बयानबाजी से बच रहे हैं।