नयी दिल्ली: 17 नवंबर (ए) पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में मंगलवार सुबह एक पुरानी इमारत ढह गई और इस हादसे में एक बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, इमारत ढहने की सूचना सुबह 10 बजकर 13 मिनट पर मिली, जिसके बाद आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया, ”छह से सात लोगों को मलबे से निकालकर घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में तीन साल की एक बच्ची और 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। ”
मौके पर बचाव अभियान जारी है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब पिछले कुछ महीनों में दिल्ली में इमारतें ढहने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
सितंबर में सत्य निकेतन में पीजी आवास वाली पांच मंजिला इमारत ढहने से छात्रों सहित सात लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, पांच नवंबर को पुरानी दिल्ली के हौज काजी में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से छह लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, 15 नवंबर को पहाड़गंज में इमारत ढहने की एक अन्य घटना में कई लोग घायल हो गए थे।
