चंडीगढ़, 25 फरवरी (ए) भारत-पाकिस्तान सीमा के पास गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और दूसरा पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गुरदासपुर में सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक व्यक्ति को गोली लगी और वह घायल हो गया।
गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अलीनांगल गांव के निवासी दिलावर सिंह के रूप में की। उन्होंने बताया कि रणजीत सिंह को उसी शहर के पुराना शाला इलाके के पास हुई मुठभेड़ में गोली लगी।
पुलिस जांच में हत्या के मामले में तीन लोगों की संलिप्तता पाई गई है।
रविवार को एक जांच चौकी के अंदर सहायक उप-निरीक्षक गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार मृत पाए गए। वे अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग दो किलोमीटर दूर अधियान गांव में तैनात थे।
घटना का पता तब चला जब अधियान गांव के सरपंच कमलजीत सिंह जांच चौकी पहुंचे और उन्हें मृत पाया। उन्होंने इससे पहले दोरंगला के थाना प्रभारी को फोन करके बताया था कि दोनों पुलिसकर्मी उनके फोन का जवाब नहीं दे रहे हैं।
सरपंच सुबह लगभग 8.15 बजे चेकपोस्ट पहुंचे और उन्हें वहां दोनों एएसआई और होम गार्ड मृत मिले।
पुलिस ने बताया कि एएसआई का शव कुर्सी पर पड़ा था और उनके हाथ जेब में थे, जबकि होम गार्ड का शव चारपाई पर पड़ा था। जिस इलाके में शव मिले हैं, वह सीमा पार से हेरोइन की तस्करी और ड्रोन द्वारा हथियारों की आपूर्ति का गढ़ है।तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) नामक एक संगठन द्वारा कथित तौर पर जारी किए गए पोस्टर सोशल मीडिया पर आए, जिनमें हत्याओं की जिम्मेदारी ली गई थी।