देहरादून: एक नवंबर (ए) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हाल में चोरी और सेंधमारी की घटनाओं में कथित तौर पर शामिल दो व्यक्ति पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शमीम (35) और शहजाद (40) पटेल नगर तथा विकास नगर इलाकों में हाल में हुई चोरी और सेंधमारी की घटनाओं के सिलसिले में वांछित थे।
उन्होंने बताया कि पटेल नगर पुलिस को शनिवार रात सूचना मिली थी कि दोनों संदिग्ध देहरादून में हैं और शहर के विभिन्न इलाकों में चोरी के लिए बंद मकानों की तलाश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस सूचना के आधार पर इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस ने नया गांव इलाके में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया।
पुलिस ने रविवार शाम जारी एक बयान में कहा, ‘‘पुलिस को देख मोटरसाइकिल सवारों ने रफ्तार बढ़ा दी और नया गांव पुलिस चौकी की ओर भागने लगे। पुलिस दल ने उनका पीछा किया और नियंत्रण कक्ष के जरिये जिले के अन्य थानों को भी सतर्क कर दिया।’’
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध भूडपुर की ओर भागे और इस दौरान उन्होंने पुलिस दल पर गोलीबारी की, जिससे पुलिस के एक वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
उन्होंने बताया कि बाद में दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग गए और पुलिस दल ने जब उनका पीछा किया तो उन्होंने दोबारा गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों संदिग्ध गोली लगने से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उनके पास से 315 बोर के दो देसी तमंचे, चार कारतूस, छह खोखे और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल बरामद की।
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने कहा कि वे अपराध करने के इरादे से देहरादून आए थे। वे पटेल नगर एवं आसपास के इलाकों में बंद मकानों की कथित तौर पर तलाश कर रहे थे।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस दल पर जानलेवा हमले को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-बी)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
