हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत

उत्तर प्रदेश सुल्तानपुर
Spread the love

सुलतानपुर (उप्र): एक नवंबर (ए) सुलतानपुर जिले में कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के फुटेहरी बनके गांव में रविवार शाम एक विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई, जब बच्चे के चाचा की बारात निकलने से पहले एक रिश्तेदार ने हर्ष फायरिंग की।

इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के फुटेहरी बनके गांव निवासी गिरीवर गोपाल पटेल के चचेरे भाई अनुराग पटेल की रविवार शाम बारात जानी थी। बारात निकलने से पहले अनुराग के जीजा एवं अयोध्या निवासी अजय ने हर्ष फायरिंग की। इस दौरान एक गोली गिरीवर के पांच वर्षीय बेटे अर्श पटेल के पेट में लग गई।

अर्श की मां अमृता पटेल और परिवार के अन्य सदस्य बच्चे को तुरंत कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सुलतानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कादीपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनय गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।