मिर्जापुर (उप्र): एक नवंबर (ए) मिर्जापुर जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर जमालपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक ट्रक की टक्कर लगने के कारण मोटरसाइकिल सवार एक किशोर, उसकी मां और दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना जमालपुर थाना क्षेत्र में जेके स्टेट हाईवे पर स्थित डोहरी गांव में शाम करीब साढ़े छह बजे हुई।उसने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया लेकिन उसका चालक फरार हो गया।
चुनार की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) गायत्री यादव ने बताया कि भड़ेवल गांव निवासी नीतीश बियार (16) अपनी मां श्यामरती (52) और दो वर्षीय भांजी अंकिता के साथ मोटरसाइकिल से चंदौली जिले में चकिया क्षेत्र के पिपरा गांव से घर लौट रहा था तथा इसी दौरान डोहरी गांव के पास सिकंदरपुर, चकिया की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची उछलकर सड़क किनारे करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में जा गिरी।
उसने बताया कि हादसे में नीतीश की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल उसकी मां को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कारण गुस्साए ग्रामीणों ने जीवनाथपुर-कंचनपुर मार्ग पर हंगामा किया जिसके बाद गायत्री यादव और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनेग सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आवासीय पट्टा, आर्थिक सहायता और किसान दुर्घटना योजना के तहत सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
अनेग सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
