पूर्व विधायक की कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

कोलकाता: 14 अक्टूबर (ए) पश्चिम बंगाल के संदेशखलि इलाके में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुकुमार महता की कार ने एक ई-रिक्शा में टक्कर मारी और फिर सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना के समय महता कार में नहीं थे और सभी पीड़ित ई-रिक्शा के यात्री थे।

अधिकारी ने कहा, “कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घायलों का उपचार जारी है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि कार चालक ने वाहन पर से नियंत्रण कैसे खो दिया और ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद वह तालाब में कैसे जा गिरी।”

महता ने हालांकि दावा किया कि जब यह हादसा हुआ, तब सड़क पर दो ई-रिक्शा के बीच रेस हो रही थी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार तालाब में जा गिरी, जबकि ई-रिक्शा अपनी दिशा से भटककर दूर जा गिरा।

पूर्व विधायक ने हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा हूं।”

महता 2021 में एक लाख से ज्यादा मतों के अंतर से विधानसभा चुनाव जीतने के बाद संदेशखलि में तृणमूल कांग्रेस के एक प्रमुख नेता के तौर पर उभरे थे। 2024 में शेख शाहजहां मामले की पुलिस जांच के दौरान उनका नाम भी इसके दायरे में आया था।

तृणमूल कांग्रेस ने 2026 के विधानसभा चुनावों में उन्हें टिकट नहीं दिया था।