प्रियंका गांधी को पार्टी ने बनाया यूपी कांग्रेस का महासचिव

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 11 सितम्बर एएनएस।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया है। प्रियंका गांधी को पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का महासचिव बनाया गया था और पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी। शुक्रवार को पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने महासचिव और प्रभारियों की नियुक्ति की है।
उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होंगे। कांग्रेस ने उसी को ध्यान में रखकर प्रियंका गांधी को राजनीतिक रूप से अति महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी दी है। अक्सर प्रियंका गांधी ट्विटर के जरिए उत्तर प्रदेश के मुद्दे उठाती रहती हैं और प्रदेश की योगी सरकार को घेरती हैं। आगामी विधानसभा की तैयारियों के लिए वे उत्तर प्रदेश में ही अपना ठिकाना भी बनाने वाली हैं। दिल्ली का सरकारी बंगला खाली करने के बाद लखनऊ में उनके लिए एक आवास की व्यवस्थी की खबरें भी मीडिया में आई थी। हालांकि वे अभी तक वहां शिफ्ट नहीं हुई हैं।