बीजेपी के जफर इस्लाम UP से राज्यसभा के लिए निर्वाचित

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ,04 सितम्बर एएनएस। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रत्याशी सैयद जफर इस्लाम शुक्रवार को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। चुनाव अधिकारी ब्रज भूषण दुबे ने बताया कि उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। जफर का कार्यकाल चार जुलाई 2022 तक रहेगा।

शुक्रवार को तीन बजे तक नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि थी, लेकिन जफर इस्लाम के अलावा कोई भी प्रत्याशी मैदान में नही था। चुनाव 11 सितंबर को होना था।राज्यसभा की यह सीट समाजवादी पार्टी के सांसद अमर सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी। सिंह का एक अगस्त को सिंगापुर में निधन हो गया था।

मंगलवार को भाजपा के गोविंद नारायण शुक्ला ने राज्यसभा की सीट के लिए अपना पर्चा दाखिल किया था। इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी महेश चंद्र शर्मा ने भी अपना पर्चा दाखिल किया था। निर्दलीय शर्मा का पर्चा बुधवार को खारिज हो गया था क्योंकि उन्हें नियमानुसार दस विधायकों का समर्थन हासिल नहीं था।