भाजपा ने अपने सभी आठ उम्मीदवारों की जीत का किया दावा

राष्ट्रीय
Spread the love

लखनऊ: 27 फरवरी (ए) उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी आठ उम्मीदवारों की जीत का दावा किया और उन्हें बधाई दी है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के सभी आठों प्रत्याशियों के विजय की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं। निश्चित ही यह शानदार जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र पर आधारित विकास की गारंटी है।प्रदेश के एक अन्य उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी ‘एक्स’ पर बधाई संदेश में कहा, ‘‘राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2024 में आठ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के विजयी सभी सम्मानित प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत यशस्वी प्रधानमंत्री जी के ‘विकसित भारत मोदी की गारंटी’ के प्रति देश व प्रदेश के अटूट विश्वास का प्रतीक है।’’

राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। समाजवादी पार्टी (सपा) ने तीन प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था जबकि भाजपा ने पहले सात प्रत्याशी उतारे थे लेकिन बाद में उसने संजय सेठ के रूप में आठवां उम्मीदवार भी खड़ा कर दिया था। इस वजह से चुनाव आवश्यक हो गया था।

भाजपा के सात अन्य उम्मीदवारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.पी.एन. सिंह, पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव अमरपाल मौर्य, पूर्व राज्य मंत्री संगीता बलवंत (बिंद), पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, पूर्व विधायक साधना सिंह और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन हैं।

सपा ने अभिनेत्री-सांसद जया बच्चन, सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍य सचिव आलोक रंजन और दलित नेता रामजी लाल सुमन को मैदान में उतारा था। इनमें से रंजन को पराजय का सामना करना पड़ा।

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के खातिर एक उम्मीदवार को लगभग 37 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता थी