मध्यप्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी : दिग्विजय

मध्य प्रदेश विदिशा
Spread the love

विदिशा (मप्र), 10 अप्रैल (ए) कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सोमवार को दावा किया कि इस साल के अंत में मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी कुल 230 सीटों में से 116 से अधिक सीटें जीत कर प्रदेश में सरकार बनाएगी और कमलनाथ पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।.

दिग्विजय से पूछा गया कि इस साल के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कितनी सीटें जीतेगी और इस चुनाव में पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, तो इस पर उन्होंने कहा, ‘‘हमें (मध्य प्रदेश में) सरकार बनाने के लिए 116 सीटें चाहिए और उससे ज्यादा ही हमें मिलेंगी। हमारा (मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री का) एक ही चेहरा है कमलनाथ।’’.

कमलनाथ वर्तमान में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं।

यह पूछे जाने पर कि वर्ष 2024 में होने वाले अगले आम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस का चेहरा कौन होगा, तो इस पर उन्होंने कहा, कि यह ‘प्रेसिडेंसियल फॉर्म’ वाला चुनाव नहीं है।

दिग्विजय ने कहा, ‘‘सरकार के संसदीय स्वरूप के तहत चुनाव पार्टियों के बीच लड़े जाते हैं जिनमें एक पार्टी जीतती है, उम्मीदवार नहीं।’’

कुछ हिंदू उपदेशकों और भाजपा नेताओं द्वारा भारत को हिंदू राष्ट्र में बदलने की मांग के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अगर उन्हें संविधान में विश्वास नहीं है, तो संवैधानिक पदों पर बैठे भाजपा नेताओं सहित उन सभी को इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने पिछले महीने मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई लाड़ली बहना योजना को ‘चुनावी स्टंट’ करार दिया। इस योजना के तहत प्रदेश में 23 से 60 वर्ष की आयु की महिलाओं के लिए 1,000 रुपये मासिक सहायता दी जाएगी।

दिग्विजय ने सवाल किया, ‘‘चौहान 2003 से मुख्यमंत्री हैं। इस बीच कांग्रेस सिर्फ 15 महीनों (दिसंबर 2018 से मार्च 2020) के लिए सत्ता में आई थी। उन्होंने साढ़े 18 साल में महिलाओं के कल्याण के बारे में क्यों नहीं सोचा?’