मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र

भोपाल मध्य प्रदेश
Spread the love


भोपाल,28 अक्टूबर एएनएस । मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित 15 साल की पिछली भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए आरोप पत्र जारी किया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर सात माह पहले एक बार फिर सत्ता में आयी शिवराज सरकार और पिछले 15 सालों की भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि भोली-भाली सूरत और लच्छेदार भाषण और अपने आप को दीन-हीन तथा गरीब का बेटा बताकर शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार द्वारा भ्रष्टाचार करने की गाथा बहुत पुरानी है। शिवराज सिंह चैहान के द्वारा किए गए घोटालों और भ्रष्टाचार के जीते जागते प्रमाण आज भी जमीन पर खड़े हैं और सरकारी फाइलों में देखे जा सकते हैं। विदिशा का वेयरहाउस, वहीं पर बनी हुई विशालकाय डेयरी, ससुराल गोंदिया में रिश्तेदारों की संपत्ति, पुत्रों की अमेरिका में पढ़ाई के खर्चे, भोपाल में भाइयों की संपत्ति, यह सब बातें शिवराज सिंह के तथाकथित ‘गरीब’ जीवन और उनके द्वारा किए गए घोटालों से जुड़ी जनश्रुतियाँ के हिस्से हैं और इतिहास में दर्ज हो चुके हैं।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस के इन वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये सब बातें कभी ना कभी विधानसभा की चर्चाओं में आयीं हैं और रिकार्ड में हैं। शिवराज सिंह का आचरण पाखंड और झूठ की पराकाष्ठा है। सात महीने पहले जब खरीद-फरोख्त के माध्यम से जनता की चुनी हुई सरकार गिराई तो शिवराज सिंह के असली चरित्र की पोल खुल गयी। आज फिर से शिवराज सिंह के पाखंडी और ‘कलाकारी’ के चरित्र को सामने लाना बहुत आवश्यक है। जनता को शिवराज सिंह चैहान के पिछले कारनामों की याद दिलाने के लिए उनके कार्यकाल की भ्रष्टाचार और घोटालों की फेहरिस्त फिर से जनता के सामने प्रस्तुत है।
कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को असंवैधानिक तरीके से गिराने के बाद पिछले सात महिनों में एक बार फिर भाजपा की शिवराज सरकार ने कई घोटाले किए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 15 साल के अपने कार्यकाल में भाजपा और शिवराज घोटालों और भ्रष्टाचार के पर्याय बन गए थे। जनता ने इसीलिए 2018 में शिवराज सिंह को घर बैठाया था। लेकिन खरीद-फरोख्त करके शिवराज सिंह चैहान फिर मुख्यमंत्री बन गए। अपने सात महीने के कार्यकाल में अपनी आदत के अनुसार ‘आपदा में अवसर’ यहाँ भी शिवराज सिंह चैहान और उनसे जुड़े लोगों ने देख लिए। इन सात महीनो के भी कम समय में शिवराज सिंह सरकार ने नए-नए घोटाले कर फिर कीर्तिमान बना लिये।