मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की

अयोध्या उत्तर प्रदेश
Spread the love

अयोध्या, 14 नवम्बर एएनएस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज दिवाली के दिन हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश वासियों के सुख समृद्धि की कामना की। यहां पूजा अर्चना के बाद सीएम योगी कारसेवकपुरम पहुंचे। वहां श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में अयोध्या के वरिष्ठ संत भी मौजूद रहे।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि अयोध्या की जनता को नया त्योहार मिल गया है। दीपोत्सव अयोध्या के जीवन का हिस्सा बन चुका है। 14 वर्षों बाद प्रभु राम अयोध्या लौटे तो जो प्रसन्नता मनाई गई उसी का प्रतिफल दीपों का त्योहार है।  उन्होंने कहा कि आज समाज की जो प्रसन्नता है उसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी को जाता है। 500 वर्षों का सतत प्रयास सफल हुआ और प्रसन्नता पूर्वक भगवान अपने घर लौटे हैं। सदियों बाद राम मंदिर में भी दिवाली मनाई जा रही है। इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।

इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरयू तट के निकट नवनिर्मित घाट व जलप्रवाह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर किए कार्यों की समीक्षा की और वॉल पेंटिंग की तारीफ भी की।