यूपी में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठंड

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ, 23 नवंबर एएनएस। पश्चिम से चल रही बर्फीली हवाओं ने यूपी में ठंड बढ़ा दी है और लोग अचानक बढ़ी ठंड से असहज हो गये। इस दौरान लोगों ने अलाव भी सुुबह -शाम जलाना शुुरू कर दिया। इस बीच तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज हुई है। पिछले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री व न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री से ज्यादा गिरावट हुई है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिन में राहत मिलने की उम्मीद है और तापमान में वृद्धि होने का अनुमान है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में सिहरन बढ़ गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम हो गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रिकार्ड हुआ है। पांच दिन पहले अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री था। दिन व रात के तापमान में गिरावट से लोगों को गरम कपड़े निकालने को मजबूर होना पड़ गया है। रात में कई घरों में रजाई निकल आई है। वहीं दिन में लोग पूरी बांह का स्वेटर व जैकेट पहने हुए नजर आ रहे हैं।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट हुई है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिन में तापमान में वृद्धि होने का अनुमान है। मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।