रोहतक हत्याकांड का आरोपी दिल्ली में गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

चंडीगढ़, 13 फरवरी (ए) हरियाणा के रोहतक में एक दिन पहले कथित तौर पर पांच लोगों की हत्या करने वाले कुश्ती प्रशिक्षक को शनिवार को नयी दिल्ली में एक मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने यह जानकारी दी।

रोहतक के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सुखविंदर को दोपहर ढाई बजे के आसपास समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।

शर्मा ने फोन पर कहा कि दिल्ली पुलिस के साथ किए गए संयुक्त अभियान में आरोपी को पकड़ा गया।

उन्होंने कहा, “अभी वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में है और हमारी तथा उनकी टीमें उससे पूछताछ कर रही हैं।”

एसपी ने कहा कि 30 वर्षीय सुखविंदर को अब वारंट के आधार पर हरियाणा लाया जाएगा।

शर्मा ने कहा, “दिल्ली पुलिस उसे रविवार को एक अदालत में पेश करेगी और उसके बाद उसे यहां लाया जाएगा।”

इससे पहले हरियाणा पुलिस ने सुखविंदर के बारे में जानकारी देने पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

रोहतक में एक निजी कॉलेज के समीप एक अखाड़े में शुक्रवार शाम को गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी थी और दो अन्य घायल हो गये थे।

मारे गए लोगों में कॉलेज कर्मचारी मनोज मलिक, उसकी पत्नी व रेलवे कर्मचारी साक्षी मलिक, एक कुश्ती प्रशिक्षक, सतीश और एक महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार इस वारदात में मनोज एवं साक्षी का चार वर्षीय बेटा घायल हो गया था जिसका रोहतक के पीजीआई में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है।

एक अन्य घायल व्यक्ति का गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने संवाददाताओं को बताया था कि मुख्य आरोपी सुखविंदर कॉलेज की व्यायामशाला में कुश्ती का प्रशिक्षक था तथा उसके विरुद्ध कुछ शिकायतें मिलने के बाद मनोज मलिक ने उसे बर्खास्त कर दिया था।

शर्मा ने कहा था, ‘‘प्रथम दृष्टया, प्रतिशोध के कारण उसने (सुखविंदर ने) यह अपराध किया।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने फरार चल रहे सुखविंदर के बारे में सुराग देने वाले के लिए एक लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया था।

शर्मा ने कहा कि अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ही आरोपी है लेकिन वारदात में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि सुखविंदर बरोदा गांव का निवासी है और अभी तक की जांच के अनुसार उसके पास लाइसेंसी हथियार नहीं था।