विपरीत परिस्थितियों में खड़ा होना हमारी सांस्कृतिक ताकत : आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश गोरखपुर
Spread the love

गोरखपुर आठ मार्च (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि विपरीत परिस्थितियों में खड़ा होना “हमारी सांस्कृतिक ताकत है। सामूहिकता के भाव से चुनौतियों से जूझकर एक दूसरे का संबल बनना हमारी विशेषता है।”.

आदित्यनाथ ने कहा, “हमें संघर्षों से जूझने और सामूहिकता के बल पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राचीन पर्वों-त्योहारों की श्रृंखला और समृद्धशाली संस्कृति से मिलती है।”.सीएम योगी बुधवार को होली के पावन पर्व पर घण्टाघर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, होलिकोत्सव समिति की ओर से निकलने वाली “रंगभरी शोभायात्रा” के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। सभी नागरिकों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सामूहिकता के भाव से उत्साह, उमंग और सकारात्मकता को एक दूसरे में बांटकर आगे बढ़ते रहेंगे तो समाज में कहीं भी कोई अभाव नहीं रहेगा। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ विकास की सोच वाली सरकार भी यही कार्य करती है। सीएम योगी ने कहा कि हमारी ऋषि परंपरा ने विशिष्ट घटनाओं को प्रासंगिक बनाकर प्रेरणा दी है। ये पर्व हमें मिलजुल कर समाज को समृद्ध बनाने तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने को प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में दो वर्षों तक पूरी दुनिया कोरोना से प्रभावित थी। हर व्यक्ति के मन में संशय रहता था। पर, आज कोरोना का भय दूर हो गया है। कोरोना पूरी तरह समाप्त है और सभी लोग उमंग व उत्साह से पर्व-त्योहार मना रहे हैं। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कोरोना प्रबंधन का जो उदाहरण प्रस्तुत किया, पूरी दुनिया में उसकी सराहना हुई। महामारी से कैसे लड़ा जाना चाहिए, नागरिकों के प्रति किस तरह की संवेदना होनी चाहिए, एक-एक व्यक्ति की देखभाल कैसे होनी चाहिए।सीएम योगी ने कहा कि होली हो या दिवाली, रक्षाबंधन हो या शिवरात्रि या फिर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, श्रीरामनवमी। कोई भी पर्व एकाकीपन का एहसास नहीं कराता। हमारे पर्व और त्योहार सामूहिकता के दर्शन हैं। जैसे एक व्यक्ति से यज्ञ नहीं हो सकता उसी तरह से एकाकी भावना से पर्व व त्योहार भी नहीं मनाए जा सकते। उन्होंने कहा कि हमारे पर्व और त्योहार सामाजिक, सांस्कृतिक यज्ञ हैं और जब हम सामूहिकता के भाव से इसमें जुड़ते हैं तो पर्व की खुशियां कई गुना बढ़ जाती हैं।