सोनिया गांधी ने बिहार व केंद्र को ‘बंदी सरकार’ कहा

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर एएनएस। कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज एक वीडियो संदेश जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने बिहार और केंद्र की सरकारों को ‘बंदी सरकार’ करार दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार अहंकार में डूब चुकी है और अपने रास्ते से भटक गई है। कांग्रेस अध्यक्षा ने कहा कि एनडीए सरकार की ना तो उनकी करनी अच्छी है और ना ही कथनी।
सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि मज़दूर आज मजबूर है। किसान आज परेशान है। नौजवान आज निराश है। अर्थव्यवस्था की नाज़ुक स्थिति लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है। धरती के बेटों पर आज गंभीर संकट है। दलितों और महादलितों को बेहाली की कगार पर लाकर छोड़ दिया गया है। समाज के पिछड़े वर्ग भी इसी बदहाली के शिकार हैं। सोनियां गाधी ने कहा कि बिहार की जनता की आवाज कांग्रेस महागठबंधन के साथ है। उन्होंने इसे आज के बिहार की पुकार बताया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रैली कर रहे हैं। कल भी उनकी दो रैली आयोजित होने जा रही है।
सोनिया गांधी ने अपने संदेश में दिल्ली और बिहार की सरकार कों ‘बंदी सरकार’ करार दिया है। उन्होंने कहा, ‘नोटबंदी, तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिकबंदी, खेत-खलिहान बंदी, रोटी-रोजगार बंदी। इसीलिए, बंदी सरकार के खिलाफ अगली नस्ल और अगली फसल के लिए एक नए बिहार के निर्माण के लिए, बिहार की जनता तैयार है। अब बदलाव की बयार है। क्योंकि बदलाव जोश है, ऊर्जा है, नई सोच है और शक्ति है। अब नई इबारत लिखने का समय आ गया है।’