सागर (मध्यप्रदेश): छह सितंबर () सागर जिले की बंडा तहसील में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य की हालत गंभीर है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सागर की जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने बंडा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘तड़के चार बजे यह मामला संज्ञान में आया। इसमें अब तक 10 लोगों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। हमारा विशेष ध्यान इस बात पर है कि यदि अन्य लोग भी इसकी चपेट में आए हैं, तो उनकी जांच कराकर उनका उपचार किया जाए।’’
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। वहीं, कांग्रेस ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है।
जिलाधिकारी पाल ने यह भी कहा कि मामले की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जहरीली शराब यहां लाई गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘ललितपुर का एक गिरोह इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त है। चूंकि यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है, इसलिए शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।’’
इससे पहले, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर में ‘ बातचीत में नौ लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि कुछ लोगों का अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आबकारी आयुक्त सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी बंडा में मौजूद हैं और घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
दिल्ली के दौरे पर गए मुख्यमंत्री यादव ने एक बयान में कहा, ‘‘सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब के सेवन से हुई मौतों का समाचार अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।’’
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सागर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बंडा क्षेत्र में हुई मौतों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की।
पटवारी ने ग्वालियर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में ‘‘शराब माफिया बेखौफ होकर लोगों की जान ले रहे हैं।’’
बंडा के पूर्व विधायक तरवर लोधी ने दावा किया कि जहरीली शराब पीने के कारण नौ लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि बंडा विकासखंड के बराज, घूघर, नौराज और आसपास के गांवों में रहने वाले कई लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
उन्होंने बताया कि परिजन उन्हें इलाज के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि चार-पांच लोग बंडा सिविल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि चार-पांच लोगों को सागर भेजा गया है।
