लाहौर: 21 अक्टूबर (ए) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को एक तेज गति से गुजर रही बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई, जिससे कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई और 30 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, बस कराची से पंजाब के डेरा गाजी खान जिले जा रही थी। इसी दौरान लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर राजनपुर में यह हादसा हुआ। पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना राजमार्ग के उस हिस्से पर हुई, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे में जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बचाव दल ने उनके शवों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
