रांची-रामगढ़,29 नवंबर (ए )। झारखंड के रामगढ़ जिले में बीती रात एक तेज रफ्तार एसयूवी के दूसरे वाहन से टकरा जाने के कारण कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना रांची-पटना राजमार्ग पर कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुई और जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे। मृतकों में चार बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे।रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अनिल कुमार के अनुसार, ये सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगहारो गांव के रहने वाले थे और सभी राजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
